थाने गेट पर पुलिस ने रोक दी भाजपा की संकल्प यात्रा, जिलाध्यक्ष से फोन पर नहीं की बात
पूरनपुर-पीलीभीत। भाजपाईयों की संकल्प यात्रा की पुलिस ने ही हवा निकाल दी और थाने पर गेट पर यात्रा में शामिल बीजेपी कार्यकर्ताओं को जेल भेजने की धमकी देकर जमकर हड़काया। इसके बाद मामला जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता तक पहुंचा तो दरोगा ने बात करने से इन्कार कर दिया। घंटो झमेला चलने के बाद पुलिस ने हिदायत देकर भाजपाईयों को थाने से छोड़ा।
गाँधी संकल्प पद यात्रा पूरनपुर विधानसभा सह संयोजक अचलेंद्र मिश्र अचल के नेतृत्व में विधान मंडल सुल्तानपुर के गांवो में निकाली जा रही थी। भाजपा कार्यकर्ता यात्रा के माध्यम से स्वच्छता का संदेश देते हुए तिरंगे के साथ चल रहे थे। गाँव सेहरामऊ उत्तरी से प्रारम्भ होकर हमीरपुर होते हुए जगतपुर में संकल्प यात्रा का समापन होना था लेकिन थाना गेट पर ही पुलिस ने यात्रा को रोक लिया और परमिशन मांगते हुए बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। इससे अफरा तफरी मच गई और संकल्प यात्रा का नेतृत्व कर रहे अचलेन्द्र मिश्र अचल ने पूरे मामले से भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता को आवगत कराया तो उन्होंने संबंधित पुलिस कर्मी से फोन पर बात कराने को कहा। लेकिन दरोगा ने बात करने से स्पष्ट मना कर दिया और यात्रा निकालने की परमीशन दिखाने पर अड़ गये। उपनिरीक्षक अनिल सिंह व नवाब सिंह यादव ने संकल्प यात्रा में शामिल भाजपाईयों को जेल भेजने की धमकी दे डाली। इस पर आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ता थाने में प्रवेश कर गए और गिरफ्तारी देने की बात करने लगे। उसके बाद थाने में भारी हंगामा हुआ और उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई। तब जाकर भाजपा की संकल्प यात्रा थाना गेट से रवाना होकर अन्या गांवों में पहुंची। जोगराजपुर होते हुए जगतपुर में पद यात्रा का समापन किया गया। संकल्प यात्रा में मुख्य रूप से निखिल मिश्रा, कैलाश अवस्थी, ब्रह्मानंद व हमीरपुर के अनुज, कपिल, नवीन, शोभित मिश्रा सहित तमाम लोग मौजूद रहे। जगतपुर में हुई पद यात्रा में जगतपुर बूथ अध्यक्ष सुरेश गिरी, ओमपाल सिंह, परशुराम, मुन्ने सिंह, कमलेश राठौर, रावेंद्र सिंह, अमन श्रीवास्तव, जगदीश, महेंद्र आदि मौजूद रहे।
इंसेट बयान- अचलेंन्द्र मिश्र अचल, संकल्प यात्रा नेतृत्वकर्ता
प्रदेश स्तर पर गांधी संकल्प यात्रा का कार्यक्रम चल रहा है, पूरनपुर विधानसभा के सुल्तानपुर मंडल में सेहरामऊ उत्तरी में पुलिस प्रशासन ने यात्रा को रोका और कार्यकर्ताओं से अभद्रता की। मैंने जिलाध्यक्ष जी से बात करने के लिए कहा तो बात करने से मना कर दिया। कार्रवाई करने की धमकी दी गई, दरोगा अनिल सिंह व नवाब सिंह यादव ने सबको जेल भेजने की बात कही और बिना परमिशन यात्रा कैसे निकाल रहे हो कहकर हड़काया।
--------------------------------

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें