ठाकुर द्वारा मंदिर में कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ धार्मिक अनुष्ठान
पूरनपुर-पीलीभीत। नगर के ठाकुर द्वारा मंदिर से 108 महिला श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा के साथ धार्मिक पद यात्रा में भाग लिया, नगर के मुख्य मार्गों निकाली गई भव्य कलश यात्रा का पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। कलश यात्रा के साथ ही धार्मिक आयोजन का शुभारंभ किया गया है।
रामलीला मैदान रोड स्थित मोबाईल टावर के पास श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है इसके साथ ही भव्य कलश यात्रा निकाली गई। पद यात्रा के बाद शुरू हुए अनुष्ठान में भारी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर सहभागिता की। कलश यात्रा ठाकुरद्वारा मंदिर से प्रारंभ होकर सीमेंट रोड मुख्य बाजार संजय गांधी मार्ग होते हुए कार्यक्रम स्थल पर समाप्त हुई। कलश यात्रा में राधा बल्लभ गुप्ता, मनमोहन खन्ना, रामू प्रजापति, विनीत, नवनीत खंडेलवाल, विवेक खंडेलवाल, राममूर्ति, संगीता, अलका, जौली खंडेलवाल, विक्की देवल, स्वाति, सविता, विनीता, सुंदर लाल प्रजापति, सोनू गुप्ता, कमला देवी, राधा, गुड्डी, माया देवी, कमला देवी, गायत्री परिजन संदीप खंडेलवाल सहित अन्य लोग शामिल रहे।
--------------------------------
एक सप्ताह भी नहीं चला बाढ़ खण्ड का विधिवत बचाव कार्य, फिर शुरू हुआ घपला
गांव वालों ने हंगामा कर बंद कराया काम, कहा जिलाधिकारी से होगी शिकायत
विधायक सचिव संतराम विश्वकर्मा की फटकार के बाद दो दिन हुआ था सही काम
हजारा-पीलीभीत। बाढ़ खण्ड के अधिकारियों की लापरवाही और उदासीनता के चलते बाढ़ बचाव कार्य में घपला करते हुए बिना जाल के ही बोरी नदी में डालकर कटर बनाने का काम किया जाने लगा है। गुरूवार को ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घपला करते हुए पकड़ लिया और हंगामे के दौरान संबंधित अधिकारियों को सूचना दी।
ट्रांस शारदा क्षेत्र के गांव राणाप्रताप नगर में इस समय बाढ़ बचाव कार्य के तहत कटर और स्पर बनाने का काम चल रहा है लेकिन बाढ़ खंड के अभियंता और एक्सईएन साइट पर नहीं पहुंच रहे हैं और इनकी लापरवाही और उदासीनता का फायदा उठाकर मुंशी और मजदूर बिना जाल के ही बोरियां नदी में डलवा रहे है। इसकी भनक ग्रामीणों को लग गई इस पर दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंचकर नदी में पड़ी बिना जाल की बोरियों को एक-एक कर बाहर निकालने लगे और एक बड़ा घपला पकड़ लिया और हंगामा करने लगे। इसके बाद मौके पर पहुंचे ठेकेदार के मुंशी ने भी उस साइट पर कार्य करा रहे मजदूरों की फटकार लगाई और साइड पर काम बंद करा कर जाल के अंदर बोरी डलवाने के लिए कहा। इसके बाद ग्रामीणों ने बाढ खंड के अधिकारियों को दूरभाष पर सूचना देकर शिकायत दर्ज कराई है। मौके पर कोई विभागीय अधिकारी के ना होने से ठेकेदार इसका लाभ उठा रहे हैं और बिना जाल के ही बोरी डलवा रहे हैं। इधर, ग्रामीणों ने बाढ़ खंड के अधिकारियों पर भी खासा रोष व्यक्त करते हुए नाराजगी जाहिर करते हुए बताया है कि मौके पर विभागीय अधिकारी नहीं आ रहे हैं और ना ही कोई अभियंता की देखरेख में काम किया जा रहा है। एक दिन पहले भी बगैर जाल की बोरी डालने की शिकायत मिली थी। बाढ़ बचाव कार्य में हो रहे घपलेबाजी की संपूर्ण जिम्मेदारी बाढ़ खण्ड की बनती है लेकिन बाढ खंड अधिकारी घपलेबाजी करने से बाज नहीं आ रहे। उधर, मौके पर पहुंचे कमलेश गुप्ता, सुनील कुमार ,तेज प्रताप सिंह, अखिलेश कुमार, अनिरूद मदेशिया सहित अन्य दर्जनों लोगों ने अधिकारियों से शिकायत करते हुए बाढ़ बचाव कार्य में मानक के अनुरूप और मजबूती के साथ कार्य कराने की मांग की है। इधर राणा प्रताप नगर कि क्षेत्र पंचायत सदस्य शशिकला शर्मा ने बाढ़ खंड के अधिकारियों की शिकायत जिला अधिकारी से करने की बात कही है इसके साथ ही यह अभी कहा है कि जिन कटर पर गुणवत्ता विहीन कार्य किया जा रहा है उसकी जांच कराई जाएगी। मुंशी अमित यादव व मोहम्मद शादाब ने बताया है कि जिन साइडो पर खुली बोरी डाली गई है वह मजदूरों और वहां पर तैनात लोकल मुंशी की गलती से ऐसा हुआ है बोरियां जाल में भरकर ही डलवाई जा रही हैं। इस संबंध में बाढ खंड के एक्सईएन शैलेश कुमार ने बताया है कि बगैर जाल की बोरी डालने की शिकायत मिली है, इधर मतगणना का प्रशिक्षण होने के कारण मौके पर अभियंता नहीं पहुंच पा रहे थे। कल से मौके पर विभागीय अभियंता मौजूद रहकर अपनी देखरेख में कार्य कराएंगे।
----------------------------------------------
भारतीय किसान यूनियन ने दी टिकैत को श्रद्धांजलि
पूरनपुर-पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन ने किसान नेता महेन्द्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर एक गोष्ठी का आयोजन किया और चौधरी टिकैत को किसानों के मसीहा के रूप में श्रद्धांजलि दी।
किसानों के मसीहा कहे जाने वाले चौधरी महेन्द्र सिंह टिकैट को भाकियू के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंजीत सिंह की अगुआई में याद किया गया। किसानों के हित को साधने वाले किसान नेता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देकर चित्र पर मल्यापर्ण किया गया। मण्डी समिति के किसान भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान तहसील अध्यक्ष सुल्तान खां, स्वराज सिंह, मनवीर सिंह, घासी राम, पुत्तू लाल, पवन सिंह, फकीरे लाल, अमरीक सिंह, राजेन्द्र सिंह, चुन्नी लाल आदि दर्जनों भारतीय किसान यूनियन के लोग मौजूद रहे।
------------------------------
चावल के ट्रक से वसूल किया जुर्माना
पूरनपुर-पीलीभीत। मण्डी अधिकारियों ने चेंकिग अभियान चलाकर हाइवे पर एक चावल भरा ट्रक पकड़ लिया और अभिलेख पूरे न होने पर जुर्माना वसूल किया है।
बरेली से खुटार के लिए फर्राटा भर रहे चावल भरे ट्रक को मण्डी सहायक संजय सक्सेना ने खमरिया पट्टी के तिराहे पर पकड़ लिया। इसके बाद अभिलेख दिखाने के लिए कहा गसा तो चालक के पास कोई अभिलेख नहीं मिले। गाड़ी में लोड चावलों को आधार बनाकर ट्रक चालक पर 5775 रूपये जुर्माना वसूल किया है। चावल से भरी गाड़ी को लेजा रहे चालक ने अपना नाम राजेश पुत्र राधेश्याम निवासी बीसलपुर बताया है। जुर्माना के बाद गाड़ी को पूरनपुर से रवाना कर दिया गया।
--------------------------------------
मुस्लिम समाज ने किया इजराइल के विरोध में प्रदर्शन, नरसंहार रोकने की मांग
पूरनपुर-पीलीभीत। आबादी वाले इलाके में बमबारी की वारदात को अंजाम देने पर मुस्लिम समाज के लोगो ने रजा मस्जिद के बाहर इजराइल के विरोध में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
मुस्लिम समुदाय के लोगों ने संयुक्त राष्ट्र व भारत सरकार से युद्ध रोकने की मांग की है। रजा मस्जिद के इमाम हाफिज जकी खां नूरी ने कहा कि इजराइल गाजा पट्टी में अन्दर घुसकर बेगुन्हा मासूम लोगों को मौत के घाट उतार रहा है यह मानवता के खिलाफ हैं, आबादी में घुस कर बेगुनाह लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। रमजान के महीने में जुल्मो सितम की इंतेहा कर दी गई है छोटे छोटे बच्चों को निशाना बनाया जा रहा है। महिलाओं पर अत्याचार किया जा रहा है।
सुन्नी उलैमा कौंसिल के जनरल सेक्रेटरी हाफिज नूर अहमद अजहरी ने कहा अमेरिका के इशारे पर फलीस्तीन में बमबारी की जा रही है। आतंकबाद के खात्मे के नाम पर फलीस्तीन पर कब्जा करना चाहता है। पुराना बैतुल मुकद्दस होने के नाम से पुरी दुनिया के मुसलमानों की आस्था फलीस्तीन से जुड़ी है। आबादी बाले इलाके मे बड़ी तादात मे बेगुनाह लोग मारे जा रहे है। विदेशी मीडिया को चुप्पी तोड़नी चाहिए। संस्थान अमेरिका व इजराइल के दबाव में सच्चाई नहीं दिखा रहे है यह निंदनीय है। तौफीक अहमद कादरी ने कहा मानवता भी शर्मसार है, इजराइल की घिनौनी हरकत पर अमेरिका संयुक्त राष्ट्र मौन है। प्रदर्शन करने वालों में मौलाना फजले हक नूरी. हाफिज जकी. हाफिज नूर अहमद अजहरी. तौफीक अहमद कादरी. हाजी जफर. चांद मियां. नावेद रजा. हाजी यासिन. जाकिर अली नूरी. हाफिज हनीफ आदि शामिल रहे।
------------------------------------------
दरोगा के खिलाफ भाकिमयू ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
थाना माधोटांडा में तैनात है दरोगा
पूरनपुर-पीलीभीत। थाना माधोटांडा की पुलिस भ्रष्टाचार में लिप्त होकर दबंगो व अपराधियों को खुला संरक्षण देकर गरीब मजदूर किसान का उत्पीड़न कर रही है। पुलिस अपराधियों को बचाने एवं पीड़ितो पर मुकदमा दर्ज करके भय व आंतक का माहौल बना रही है। इसको लेकर भारतीय किसान मजदूर यूनियन ने दरोगा के खिलाफ रज्यपाल को ज्ञापन भेजकर दरोगा व सिपाही को निलंबित कराने की मांग की है।
भारतीय किसान मजदूर यूनियन के जिलाध्यक्ष रमेश चन्द्र दद्दा ने कहा है कि थाना माधोटांडा की पुलिस अपाधियों के हौसले बुलंद कर रही है इससे दंबग लगातार लोगों को जान से मारने व गांव छोड़कर भाग जाने की धमकियां देते घूम रहे हैं। माधौटांडा पुलिस के खिलाफ जनाक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। तहसील कलीनगर के गांव लैहारी में गत् 23 मार्च को दिनदहाड़े 20 - 25 लोग हथियारबन्द होकर गांव पर हमलावर हो गये। पीड़ित महिलाओं ने थाने जाकर उक्त घटना के सम्बन्ध में एक लिखित तहरीर दी लेकिन दरोगा के भ्रष्टाचार में लिप्त होने की वजह से मुल्जिमानों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं हुई और न ही पीड़ितों की रिपोर्ट दर्ज की गयी। दूसरी घटना ग्राम रामकोट में 08 मई को घटित हुई इसमें कोटेदार परगट सिंह व लड़के वल्लू ने सुनील मण्डल को लात घूसों से काफी मारा व हत्या कर देने के इरादे से घर के अन्दर खींच ले गया। पीड़ित ने थाना माधोटांडा जाकर घटना की लिखित तहरीर दी लेकिन रात के 11 बजे तक सभी गांव वाले थाना माधौटांडा में रूके रहे। हल्का दरोगा घनश्याम बहादुर ने गांव वालों के सामने कोटेदार परगट सिंह को फोन कर थाने आने को कहा एवं गांव वालों से कहा कि परगट सिंह थाने आ रहा है उसी समय परगट सिंह का लड़का बल्लू ने गांव के ही एक अन्य व्यक्ति निशन्तो की मोटरसाइकिल रोक कर उसके साथ भी मारपीट की तभी किसी ने यूपी 100 पुलिस को फोन पर सूचना दी थी। गांव रामकोट के पीड़ितों द्वारा दी गयी तहरीर पर भी न तो कोई मुकदमा पंजीकृत किया गया और न ही कोटेदार परगट सिंह व उसके लड़के बल्लू के खिलाफ कोई कार्यवाही की गयी। परगट सिंह व उसका लड़का बल्लू कई लोगों के साथ मारपीट कर चुका है और माधौटांडा थाने की पुलिस मूक दर्शक बनी हुई किसी बड़ी घटना को अंजाम दिलाने के इंतजार में है। संगठन ने लिखित मांग पत्र में दरोगा घनश्याम बहादुर व सिपाही अजीत मलिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पीड़ितों की ओर से तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की मांग का उल्लेख किया हैं।
------------------------------------------------




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें